झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

पीएम मोदी ने किया बिरसा मुंडा संग्रहालय का उदघाटन कहा, रांची जाइये वहां देखने को बहुत कुछ है

नई दिल्ली: पुराना जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का ऑनलाइन उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। ऑनलाइन उदघाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने बिरसा मुंडा के संघर्ष और इस संग्रहालय के उद्देश्य और नीतियों की चर्चा की।प्रधानमंत्री ने कहा, जब भी मौका मिले रांची जाइये। इस संग्रहालय में जाइये यहां देखने के लिए बहुत कुछ है।
संग्रहालय में मुंडा की पच्चीस फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि संग्रहालय झारखंड राज्य सरकार के सहयोग से रांची के पुराने केंद्रीय कारावास में बनाया गया है, जहां बिरसा मुंडा ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि यह राष्ट्र और जनजातीय समुदायों के लिए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि होगी।  पीएमओ के बयान के अनुसार, यह संग्रहालय बिरसा मुंडा के साथ, शहीद बुधु भगत, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, दिवा-किसुन, तेलंगा खड़िया, गया मुंडा, टाना भगत, पोटो एच, भगीरथ मांझी और गंगा नारायण सिंह जैसे विभिन्न आंदोलनों से जुड़े अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में भी जानकारी प्रदर्शित करेगा। पास ही पच्चीस एकड़ क्षेत्र में स्मृति उद्यान विकसित किया गया है और इसमें संगीतमय झरना, खान-पान परिसर, बाल उद्यान और अन्य मनोरंजन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

रपट/छाया: एस एन सिन्हा