झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

पद्मश्री डॉ जानुम सिंह सोय का घाटशिला महाविद्यालय में हुआ भव्य अभिनंदन

पद्मश्री डॉ जानुम सिंह सोय का घाटशिला महाविद्यालय में हुआ भव्य अभिनंदन

घाटशिला महाविद्यालय के हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ जानुम सिंह सोय को ‘हो भाषा साहित्य’ के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा पद्मश्री अवार्ड देने की घोषणा किए जाने पर घाटशिला महाविद्यालय में उनका भव्य अभिनंदन किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित कोल्हान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गंगाधर पांडे ने अपने हाथों डॉक्टर सोय को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। अपने संबोधन में कुलपति ने कहा कि डॉ सोय को पद्मश्री मिलने से घाटशिला महाविद्यालय के साथ पूरा कोल्हान विश्वविद्यालय गौरवान्वित है।
अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य डॉ आर के चौधरी ने आए अतिथियों का स्वागत करते हुए डॉ जानुम सिंह सोय के विषय में बताते हुए कहा कि पद्मश्री डॉ सोय घाटशिला महाविद्यालय में 1 जुलाई 1977 से 27 जनवरी 2011 तक हिंदी विभाग के प्राध्यापक रहे। तत्पश्चात 28 जनवरी 2011 से 31 मार्च 2022 तक कोल्हान विश्वविद्यालय में हिंदी के विभागाध्यक्ष थे। उनकी हो साहित्य में 6 काव्य संग्रह तथा दो उपन्यास प्रकाशित हैं। समारोह में अपना उदगार व्यक्त करते हुए प्रोफेसर मित्रेश्वर ने डा सोय के महाविद्यालय कार्यकाल का संस्मरण सुनाते हुए उनके निष्ठा पूर्ण किए गए कार्यों की सराहना किया। एचसीएल के उप महाप्रबंधक श्रवण कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि पद्मश्री सोय के इस सम्मान से पूरा घाटशिला गौरवान्वित है। इस मौके पर देशपरगना बैजू मुर्मू मुखिया पार्वती मुर्मू, पद्मश्री सोय की पत्नी  हीरामुनी बानरा, पुत्र जयसिंह सोय, सुपुत्री मनीशा सोय एवं मधुरिमा सोय,डॉक्टर नरेश कुमार, डा दिल चंद राम, प्रो इंदल पासवान, प्रो महेश्वर प्रमाणिक, डा संदीप चंद्रा, डा संजेश तिवारी, प्रो विकास मुंडा के अलावे काफी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। इससे पूर्व पद्मश्री जानू सिंह सोय के महाविद्यालय आगमन पर पारंपरिक नृत्य के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रो इंदल पासवान तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ नरेश कुमार ने किया। संथली विभाग के छात्र- छात्राओं ने पारंपरिक स्वागत किया।