झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

ओलंपिक क्वालिफायर के लिए पेरिस रवाना हुई जमशेदपुर की तीन धनुर्धर बेटियाँ दीपिका, कोमोलिका और अंकिता टीम इवेंट के ओलंपिक क्वालिफायर में करेंगी शिरकत

ओलंपिक क्वालिफायर के लिए पेरिस रवाना हुई जमशेदपुर की तीन धनुर्धर बेटियाँ दीपिका, कोमोलिका और अंकिता टीम इवेंट के ओलंपिक क्वालिफायर में करेंगी शिरकत

टोक्यो ओलंपिक 2021 को लेकर टीम इवेंट के लिए भारतीय टीम से झारखंड की तीरंदाज दीपिका कुमारी, अंकिता भगत और कोमोलिका बारी तीरंदाजी विश्वकप में शिरकत करने के लिए पेरिस रवाना हो गई हैं। यह टूर्नामेंट 2021 की टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफायर होगी। झारखंड की ओर से तीरंदाजी विश्वकप खेलने वाली तीनों ही तीरंदाज जमशेदपुर से हैं। अगर दीपिका, कोमोलिका और अंकिता विश्वकप में सफ़ल हो जाती हैं तो टोक्यो ओलंपिक के लिए महिला रिकर्व टीम इवेंट के लिए निशाना साधते दिखेंगी। व्यक्तिगत के लिए दीपिका कुमारी पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं। इस पर हर्ष ज़ाहिर करते हुए जिला आर्चरी संघ के अध्यक्ष सह प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार ने तीरंदाजी विश्वकप के लिए शिरकत करने वाली तीनों महिला तीरंदाजों को शुभकामनाएं प्रेषित किया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जिला आर्चरी टीम के कोच हरेंद्र कुमार सिंह को भी बेहतरीन प्रशिक्षण के लिए श्रेय दिया है। जिला एवं झारखंड आर्चरी संघ से जुड़े दिनेश कुमार ने कहा कि पूर्ण विश्वास है कि दीपिका, अंकिता और कोमोलिका विश्वकप में जीतकर ओलंपिक में महिला रिकर्व टीम की ओर से देश के लिए निशाना साधते दिखेंगी।