झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

Hemant Soren

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद को होम क्वारैंटाइन किया, संक्रमित स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की थी

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार से होम क्वारैंटाइन में चले गए। उनके सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। सीएम मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से कैबिनेट की बैठक में मिले थे। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री की जांच रिपोर्ट में कल देर रात ही कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई। कैबिनेट की बैठक में पेयजल मंत्री मिथलेश ठाकुर को छोड़ सभी मंत्री शामिल हुए थे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बुधवार को आजीविका संवर्धन हुनर अभियान के शुभारंभ और पलाश ब्रांड के अनावरण एवं नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होना था। सीएम के होम क्वारैंटाइन में चले जाने के बाद इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। 4-5 दिन बाद हेमंत सोरेन अपनी कोविड-19 की जांच कराएंगे। इससे पहले भी दो बार सीएम ने कोविड-19 की जांच कराई है, जिसमें वो कोरोना निगेटिव पाए गए हैं।

इससे पहले भी एक माह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद को सरकारी आवास में होम क्वारैंटाइन किया था। इसके साथ मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, प्रेस सलाहकार समेत मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी अधिकारियों ने भी खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया था। उस वक्त हेमंत मंत्रिमंडल के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और विधायक मथुरा प्रसाद महतो में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई थी। हेमंत दोनों के संपर्क में आए थे।