झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

मिलते जुलते नाम की वजह से निर्दोष ने काटी 17 महीने की जेल की सजा, बाहर बेखौफ घूमता रहा अपराधी

मिलते जुलते नाम की वजह से निर्दोष ने काटी 17 महीने की जेल की सजा, बाहर बेखौफ घूमता रहा अपराधी

रांची :- एक निर्दोष व्यक्ति को पुलिस की लापरवाही के कारण 17 महीने तक जेल की सजा काटनी पड़ी। घटना रांची की है जहां एक व्यक्ति को सिर्फ इसलिए जेल भेज दिया गया क्योंकि उसका नाम आरोपी के नाम से मिलता जुलता था। निर्दोष व्यक्ति एक या दो दिन नहीं 17 महीने तक जेल काटता रहा। पुलिस को मुख्य आरोपी सूरज कुमार सोनी को जेल भेजना था। पुलिस ने उसी नाम के एक दूसरे व्यक्ति को जेल भेज दिया। निर्दोष युवक बीते 17 माह से रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में 17 महीने तक बंद रहा
निर्दोष सूरज की मां न्याय के लिए दौड़ती रही। मां मीरा देवी का आरोप है कि पूरे मामले में उन्होंने तत्कालीन एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा से लेकर डीजीपी तक शिकायत की लेकिन किसी ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की। मां मीरा देवी ने सीआईडी मुख्यालय जाकर डीजी अनुराग गुप्ता से मुलाकात की। इसके बाद सीआईडी मुख्यालय से इस मामले में जांच के आदेश दिए गये। एसपी संध्या रानी मेहता को निर्देश दिया गया है कि पूरे मामले की जांच करें औऱ पता करें कि इस मामले में सच क्या है। रांची क्राइम ब्रांच टीम को जांच का आदेश दिया गया। जांच में सूरज निर्दोष पाया गया
यह है मामला
घटना 9 सितंबर 2021 की है जब नगड़ी में बिरसा महतो के यहां तीज पूजा चल रहा था। विमल व सूरज कुमार सोनी उर्फ कल्लू के बीच विवाद हो गया सूरज अपने दोस्त प्रिंस सोनी के साथ मिलकर विमल को ऑटो में बैठाकर ले गया। दूसरे दिन विमल महतो का शव लावारिस हाल में पिस्का रेलवे स्टेशन के पास मिला। मृत युवक के भाई बरजू महतो के बयान पर पुलिस ने सूरज व प्रिंस के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी।
नगड़ी पुलिस ने 12 सितंबर 2021 को प्राथमिक अभियुक्त सूरज कुमार सोनी को गिरफ्तार करने के लिए पिस्का के गोसाईंटोला में रहने वाले सूरज कुमार सोनी को गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया। मां ने दावा किया कि कोर्ट में मृतक के भाई मौजूदा प्रत्यक्षदर्शी, आयोजनकर्ता समेत छह लोगों की गवाही दी कि सूरज कुमार सोनी घटनास्थल पर मौजूद नहीं था। विमल महतो की झड़प दूसरे सूरज कुमार सोनी उर्फ कल्लू के साथ हुई थी। आरोपी सूरज कुमार सोनी अब भी खुलेआम घूम रहा है। मुख्य आरोपी उनके घर आकर धमकी देता है