झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

घाघीडीह सेंट्रल जेल का कक्षपाल जवान जेल के बंदियों को बेचता था गांजा, गिरफ्तार

जमशेदपुर : परसुडीह थाना की पुलिस ने घाघीडीह सेंट्रल जेल में बंदियों को गांजा बेचने के आरोप में गिरफ्तार ब्रजकिशोर सिंह को अदालत में प्रस्तुत किया  जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। ब्रजकिशोर सिंह भूतपूर्व सैनिक है और संविदा पर कक्षपाल के पद पर बहाल हुआ था। जिस जेल में वह कक्षपाल है गांजा बेचने के आरोप में अब वह उसी जेल का बंदी हो गया।

शुक्रवार को जेल में डयूटी के दौरान उसकी तलाशी लिए जाने पर उसके पास से तीन पुड़िया गांजा बरामद किया गया था। तीन पुड़िया में 30 ग्राम गांजा था। केंद्रीय कारा के प्रभारी रक्षित उच्च कक्षपाल विजेंद्र कुमार सिंह की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ परसुडीह थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बताया जा रहा कि ड्यूटी की आड़ में वह बंदियों को गांजा सप्लाई करता था। इसकी सूचना जेल के अन्य जवानों ने ही जेल अधीक्षक को दी थी। सूचना की पुष्टि के बाद अधीक्षक ने परसुडीह पुलिस को जानकारी भेजी। शुक्रवार की सुबह 6.10 बजे उसकी जांच की गई तो वह तीन पुड़िया गांजा के साथ पकड़ा गया। वह गांजा कहां से लाता था, किसे उपलब्ध कराता था, उसे किसका संरक्षण हासिल था यह पता लगाना जेल प्रशासन और पुलिस ने मुनासिब नहीं समझा। बिना जेल प्रशासन के अधिकारी के संरक्षण के बना कक्षपाल द्वारा गांजा की सप्लाई करने का मामला समझ से परे है।