झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर पहली बार जमशेदपुर पहुंचे झारखंड प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी

बूथ सशक्तिकरण अभियान को लेकर पहली बार जमशेदपुर पहुंचे झारखंड प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी चारों विधानसभा के बूथ समिति के सदस्यों की ली बैठक बूथ कमेटी को किया सत्यापित

■ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व और बूथ की मजबूत संकल्प शक्ति बनेगी मिशन 2024 के जीत का आधार: लक्ष्मी कांत बाजपेयी

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी झारखंड में आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में जीत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक-एक बूथ को मजबूत करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। मिशन 2024 को लेकर पार्टी का पूरा फोकस सभी बूथों को सशक्त बनाने में है। जमशेदपुर महानगर में पार्टी के बूथ सशक्तिकरण अभियान को बल देने के उद्देश्य से भाजपा के झारखंड प्रदेश प्रभारी सह राज्यसभा के सांसद लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने शनिवार को जमशेदपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जमशेदपुर महानगर अंतर्गत चारों विधानसभा के एक बूथ समिति के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रदेश प्रभारी लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने पश्चिम विधानसभा के मानगो मंडल, पुर्वी विधानसभा के बारीडीह मंडल, जुगसलाई विधानसभा के गोविंदपुर मंडल एवं पोटका विधानसभा के सुंदरनगर मंडल में बूथ समिति की बैठक ली एवं मानगो मंडल के बूथ संख्या 184, बारीडीह मंडल के बूथ संख्या 68, गोविंदपुर मंडल के बूथ संख्या 310 एवं सुंदरनगर मंडल के बूथ संख्या 62 के बूथ समिति का सत्यापन किया।

पुर्वी विधानसभा के बारीडीह मंडल की बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, मानगो में सांसद विद्युत वरण महतो, सुंदरनगर में पूर्व विधायक मेनका सरदार एवं गोविंदपुर मंडल में सांसद विद्युत वरण महतो के साथ भाजपा प्रदेश मंत्री सह जमशेदपुर महानगर प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव मुख्यरुप से मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने कहा कि बूथ अध्यक्ष अपने बूथों पर पन्ना प्रमुख गठन के कार्य को शीघ्र पूरा करें। पन्ना प्रमुख बूथ जीता-चुनाव जीता के मंत्र पर अपने क्षेत्र के मतदाताओं से सीधे संपर्क कर संगठन की रीति-नीति और मोदी सरकार के द्वारा जनहित में किए गए कार्यों व योजनाओं के बारे में जानकारी देकर उन्हें पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि पार्टी की सबसे मजबूत ईकाई पन्ना प्रमुख है जो आगामी चुनाव में पार्टी के बड़े विजय का आधार बनेगी। इस दृष्टिकोण से पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी अति महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बूथ सदस्य लोगों से संवाद, संपर्क और उनके समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह सजग रहें। लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने कहा कि झारखंड के 14 लोकसभा सीट और विधानसभा चुनाव में बहुमत के लक्ष्य को पूर्ण करने के संकल्प के साथ सभी बूथों पर बूथ समिति निर्माण का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ़ उपचुनाव में एनडीए की शक्ति और बूथ कमेटी के विजयी संकल्प से 21 हजार से जीत प्राप्त हुई। झारखंड में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक के लोगों के मन में विश्वास मजबूत हुआ है कि नरेंद्र मोदी के हाथों में देश पूरी तरह से सुरक्षित है। जम्मू-कश्मीर में ‘धारा 370 खत्म होने से आग लग जायेगी’ कहने वाले लोग आज गायब हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिना छुट्टी लिए मां भारती की सेवा में अनवरत रूप से कार्य कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता उनसे प्रेरणा लेकर और उनका अनुसरण करते हुए फिरसे उन्हें प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लें और झारखंड में आततायी हेमंत सरकार के लूट, झूठ और भ्रष्टाचार युक्त शासन से जनता को मुक्ति दिलाने के लिए कार्य करें।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भाजपा में कोई भी कार्यकर्ता नीचे से ऊपर अपने कार्य, समर्पण भावना एवं त्याग के बल पर पहुंचता है, इसलिए हमें पार्टी की मजबूती के लिए सभी बूथों पर पूरी मजबूती से कार्य करना है। भाजपा ही एकमात्र ऐसा संगठन है जिसमें छोटे से कार्यकर्ता को भी उसकी मेहनत और लगन को देखते हुए जिम्मेदारी और दायित्व सौंपा जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया कि पुर्वी विधानसभा के सभी बूथों पर पन्ना प्रमुख के गठन के कार्य को पूर्ण कर लिया गया है। इसके लिए उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि बूथ सशक्तिकरण अभियान का उद्देश्य संगठन के सबसे मजबूत पायदान की कड़ी पन्ना प्रमुख की टीम को मजबूत बनाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की पटरी पर तेज गति से दौर रहा है। जमशेदपुर में कई विकास योजनाएं आगामी दिनों में धरातल पर उतरेगी।

वहीं, प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी सुबोध सिंह गुड्डू ने बूथ कार्यकर्ताओं से प्रतिदिन दो घंटे बूथ पर देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव बूथ कार्यकर्ताओं के संकल्प से जीता जाएगा।

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कहा कि प्रदेश प्रभारी लक्ष्मी कांत बाजपेयी के मार्ग दर्शन मिलने से सभी कार्यकर्ता उत्साहित हैं। बूथ समिति निर्माण कार्य की जानकारी देते हुए गुंजन यादव ने कहा कि जमशेदपुर महानगर अंतर्गत सभी बूथों को डिजिटल करने का कार्य प्रगति पर है। भाजपा का कार्यकर्ता चुनाव से पूर्व और चुनाव के बाद पूर्ण रूप से सक्रिय रहता है। अब हम तकनीक के माध्यम से अपनी विचारधारा, सरकार की योजनाओं को कार्यकर्ताओं के माध्यम से लाभार्थियों से संपर्क कर उन तक पहुंचा रहे हैं।

जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत: बैठक से पूर्व, पहली बार जमशेदपुर आगमन पर प्रदेश प्रभारी सह राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी का भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में डिमना चौक पर जोरदार स्वागत किया गया। डिमना चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और फूल-मालाओं से लक्ष्मीकांत बाजपेयी का स्वागत किया। बैठक के उपरांत, रात्रिकाल में लक्ष्मी कांत बाजपेयी ने जमशेदपुर परिसदन में भाजपा कार्यकर्ताओं से एक-एक कर मुलाकात की। शनिवार को जमशेदपुर परिसदन में रात्रि विश्राम के पश्चात रविवार सुबह वे रांची के लिए प्रस्थान करेंगे।

इस दौरान नीरज सिंह, विकास सिंह, संजीव कुमार, सुधांशु ओझा, संजीव सिन्हा, राकेश सिंह, अनिल मोदी, नीलू मछुआ, प्रेम झा, पप्पू सिंह, बिनोद राय, संतोष ठाकुर, अमरेंद्र पासवान, पवन सिंह, चंचल चक्रवर्ती, धर्मेंद्र प्रासाद, शंभु चौधरी, अमित अग्रवाल, अभिमन्यु सिंह, शशि यादव, सुशील पांडेय, दिलीप पासवान, राकेश कुमार, विजय तिवारी, हरेराम यादव, रविन्द्र सिंह, अभिषेक सिंह, शशांक शेखर, मिथिलेश साव, धर्मेंद्र कुमार, नीलकमल शेखर, तन्मय झा, नित्यानद सिन्हा, दिलीप सिंह, लालटू कर, दिलीप घोष, आनंद सिंह, अमर कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।