झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

बिहार भाजपा प्रदेश अध्‍यक्ष का बयान, भाई-बहन की नौटंकी पार्टी बनकर रह गयी कांग्रेस

पटना: बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने अगला कांग्रेस अध्यक्ष गांधी परिवार से बाहर होने संबंधी राहुल-प्रियंका द्वारा दिए गये बयानों को कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी बताई है। कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा द्वारा दिए जा रहे बयान, जनता की आंखों में धूल झोंकने की इनकी नयी कोशिश है। जनता जानती है कि गांधी परिवार की निगाह में कांग्रेस उनकी घरेलू जागीर की तरह है। हकीकत है कि कांग्रेस भाई-बहन की नौटंकी पार्टी बन गई है।

गुरुवार को जारी बयान में डॉ. जायसवाल ने कहा कि पार्टी पर गांधी परिवार की पकड़ बनाए रखने के लिए कांग्रेस में उन्हीं लोगों को महत्वपूर्ण पद दिए जाते हैं, जो पार्टी से ज्यादा ‘फैमिली’ के वफ़ादार हों। राहुल-प्रियंका जानते हैं कि जैसे ही वह अध्यक्ष पद की कुर्सी छोड़ने का ड्रामा करेंगे, उनके वफ़ादार इसे महान त्याग बताते हुए, ऐसा न करने के लिए राग अलापना शुरू कर देंगे। इसके बाद इसे कार्यकर्ताओं की मांग बताते हुए अध्यक्ष पद की कुर्सी फिर से गांधी परिवार के पास चली जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आज की बात छोड़ें, भविष्य में भी राहुल गांधी या प्रियंका के बाल-बच्चे कांग्रेस अध्यक्ष पद पर दिखाई पड़ेंगे। राहुल-प्रियंका यह जान लें कि देश की जनता उनके झांसे में आने वाली नहीं है।