झारखण्ड वाणी

सच सोच और समाधान

बंद भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष पुतला दहन किये जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश

बंद भाजपा जिला कार्यालय के समक्ष पुतला दहन किये जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश कांग्रेसियों पर जमकर बरसे भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, कहा- देश हो रहा कांग्रेस मुक्त और कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता मुक्त

जमशेदपुर। पिछले दिनों भाजपा जमशेदपुर महानगर के बंद जिला कार्यालय के समक्ष प्रातः काल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतला दहन करने एवं नारेबाजी करने का मामला तूल पकड़ने लगा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस कृत्य से जहां जमशेदपुर के भाजपा कार्यकर्ताओं में रोष देखा जा रहा है तो वहीं, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने भी इस मामले को लेकर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। आज साकची स्थित जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गुंजन यादव कांग्रेस पर जमकर बरसे गुंजन यादव ने कहा कि राहुल गांधी ने ओबीसी समाज का अपमान किया और अपने अहंकार की वजह से माफी मांगने से भी इनकार कर रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सूरत की कोर्ट ने मानहानि के केस में 2 साल की सजा सुनाई है। परंतु जमशेदपुर के चंद कांग्रेसी नेता जिनको उनके गली-मोहल्ले के लोग तक नहीं पहचानते, वैसे पहचान को तरस रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बंद जिला कार्यालय के समक्ष चोरी-छिपे एवं आनन-फानन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर नारेबाजी की। ऐसे शर्मनाक कृत्य का वे पूर्ण रूप से विरोध एवं भर्त्सना करते हैं। उन्होंने कहा कि शनिवार को पार्टी की कोल्हान प्रमंडलीय बैठक तुलसी भवन सभागार में चल रही थी। कार्यालय के कर्मचारी 10 बजे के बाद कार्यालय में आते हैं, वहीं सामान्य दिनों में 11 बजे से कार्यकर्ताओं का आना होता है। परंतु बिना जिला प्रशासन, मीडिया एवं कार्यालय को सूचना दिए कांग्रेसियों का प्रदर्शन पूरी तरह से अनुचित एवं निम्न स्तर की राजनीति है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को खुला आमंत्रण देते हुए कहा कि पूर्व सूचना के तहत जिला कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करें जिसके लिए वे स्वयं उनके स्वागत में तैनात रहेंगे। गुंजन यादव ने कहा कि जिस तरह देश कांग्रेस मुक्त हो रही है, वैसे ही जमशेदपुर में कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ता विहीन हो गयी है। कभी सांसद कार्यालय के समक्ष महिलाओं को ढाल बनाकर राजनीति करती है तो कभी नौजवानों को आगे कर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास करती है। भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अपने अनुशासनहीन कार्यकर्ताओं को शिष्टाचार का पाठ पढ़ाएं और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने वाले तथाकथित नेताओं पर लगाम लगाएं।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा महानगर के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिन्हा एवं जिला महामंत्री अनिल मोदी, जिला कोषाध्यक्ष राजीव सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अमित अग्रवाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ज्योति अधिकारी, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष अजीत कालिंदी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष बीनानंद सिरका, ओबीसी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा और अन्य कई लोग मौजूद थे।